मुंबई । दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के लिए आज का दिन बेहद खास बन गया है। आखिर दोनों को माता-पिता बनने की खुशी जो मिली है। कपल के घर बिटिया ने जन्म लिया है। इन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी जैसे ही साझा की, बधाईयों का तांता लग गया है।
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह आज रविवार को एक बिटिया के माता-पिता बन गए हैं। अभिनेत्री ने पहली संतान के रूप में बेटी को जन्म दिया है। बिटिया के आगमन के बाद दीपिका ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की है। इसके बाद अर्जुन कपूर से लेकर, परिणीति चोपड़ा…तमाम सितारे दीपिका और रणवीर को बधाई दे रहे हैं।
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्टर शेयर किया है। इसमें लिखा है, ‘वेलकम बेबी गर्ल, 8.9.2024’। इस पोस्ट को शेयर करते के साथ ही इस पर बधाईयों का तांता लग गया है। एक तरफ फैंस कपल को बधाई दे रहे हैं तो वहीं बॉलीवुड जगत के सितारे भी बेबी गर्ल को आशीष दे रहे हैं और रणवीर-दीपिका को बधाई। अर्जुन कपूर ने लिखा है, ‘लक्ष्मी आई है! क्वीन आ गई है’।
इसके अलावा आलिया भट्ट ने भी खुशी और प्यार वाले ढेर सारे इमोजी कमेंट बॉक्स में पोस्ट किए हैं। परिणीति चोपड़ा ने लिखा है, ‘बधाई हो’। अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा, सोनाक्षी सिन्हा और अनन्या पांडे के भी कमेंट हैं। इन दिनों अपनी सीरीज ‘कॉल मी बे’ को लेकर चर्चा बटोर रहीं अनन्या ने लिखा है, ‘बेबी गर्ल! बधाई हो’।
कल शनिवार को शाम दीपिका और रणवीर सिंह को अस्पताल जाते देखा गया था। दीपिका को अपनी मां उज्जला पादुकोण और पति रणवीर सिंह के साथ मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में आते हुए देखा गया। इसके बाद से ही फैंस को खुशखबरी का इंतजार था और आज रविवार को खुशखबरी मिल गई। अब फैंस को बेबी गर्ल की पहली झलक का इंतजार है।