नई दिल्ली. विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हालांकि, अब तीसरे हफ्ते में चल रही फिल्म एसएस राजामौली की बाहुबली फिल्म आरआरआर की रिलीज के बाद थकने लगी है और तीसरे सोमवार को फिल्म के कलेक्शंस में काफी गिरावट आयी। आरआरआर की रिलीज के बाद फिल्म की स्क्रींस भी काफी कम हो गयी हैं।

11 मार्च को रिलीज हुई द कश्मीर फाइल्स ने सोमवार को 3.10 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसके बाद अब 19 दिनों का नेट कलेक्शन 231.28 करोड़ हो गया है। द कश्मीर फाइल्स 25 मार्च को तीसरे हफ्ते में दाखिल हुई थी और तीसरे शुक्रवार को 4.50 करोड़ जमा किये थे, वहीं शनिवार को 7.60 करोड़ और रविवार को 8.75 करोड़ जुटाये थे। तीसरे हफ्ते में फिल्म को आरआरआर जैसी बड़ी फिल्म की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, जो दक्षिण भारतीय भाषाओं के साथ हिंदी में भी बड़े पैमाने पर रिलीज की गयी है और बॉक्स ऑफिस पर पूरे दमखम के साथ दौड़ रही है।

द कश्मीर फाइल्स हिंदी सिनेमा की उन सरप्राइजिंग हिट फिल्मों में शामिल है, जिन्होंने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर चौंकाया है। यह फिल्म एक स्माल रिलीज के तौर पर सिर्फ 650 स्क्रींस पर सिनेमाघरों में उतारी गयी थी, मगर ओपनिंग वीकेंड में ही फिल्म को लेकर ऐसा ट्रेंड बना कि फिल्म की स्क्रींस की संख्या 2000 से ज्यादा कर दी गयी थी। तीसरे वीकेंड में फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 2800 स्क्रींस पर चल रही है।

द कश्मीर फाइल्स ने 3.55 करोड़ की ओपनिंग ली थी, मगर ओपनिंग वीकेंड में ही 28 करोड़ जुटा लिये थे। फिल्म ने पहले हफ्ते में 97 करोड़ का कलेक्शन किया था और आठवें दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। दूसरे हफ्ते में द कश्मीर फाइल्स ने 110 करोड़ का शानदार पड़ाव पार किया था, जबकि 10 दिनों में 150 करोड़ और 13 दिनों में 200 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया। द कश्मीर फाइल्स साल 2022 की पहली फिल्म है, जिसने डबल सेंचुरी मारी हो। द कश्मीर फाइल्स ने अक्षय कुमार की बच्चन पांडेय को बॉक्स ऑफिस पर ढेर कर दिया था, जो 18 मार्च को रिलीज हुई, मगर द कश्मीर फाइल्स की आंधी के सामने ठहर नहीं सकी।