मुम्बई। 1996 में आई फिल्म ’राजा हिंदुस्तानी’ ब्लॉकबस्टर रही थी। फिल्म में न सिर्फ करिश्मा कपूर और आमिर खान की जोड़ी को पसंद किया गया, बल्कि उनकी मैजिकल केमिस्ट्री की भी खूब चर्चा हुई। कहानी से लेकर सीन, लोकेशन और गाने तक काफी पसंद किए गए। लेकिन ’राजा हिंदुस्तानी’ को लोग करिश्मा कपूर और आमिर खान के किसिंग सीन के लिए भी याद किया जाता है। वही किसिंग सीन, जिसके कारण जूही चावला, पूजा भट्ट और ऐश्वर्या राय तक ने ’राजा हिंदुस्तानी’ का ऑफर ठुकरा दिया था। इस सीन की शूटिंग करीब 3 दिन तक चली थी।

’राजा हिंदुस्तानी’ के इसी किसिंग सीन से जुड़ी कुछ मजेदार बातें हम आपको बताने जा रहे हैं। इस सीन को शूट करने के दौरान करिश्मा और आमिर को क्या-क्या दिक्कतें हुई थीं, इस बारे में भी यहां बता रहे हैं। जूही चावला और ऐश्वर्या राय के इनकार करने के बाद ’राजा हिंदुस्तानी’ में करिश्मा कपूर की एंट्री हुई और इसने उन्हें बेतहाशा पॉप्युलैरिटी दिलाई। ’राजा हिंदुस्तानी’ रिलीज होते ही छा गई थी। उस वक्त जितनी चर्चा इस फिल्म की हो रही थी, उससे ज्यादा आमिर और करिश्मा के किसिंग सीन की थी। यह बॉलिवुड के इतिहास में सबसे लंबे किसिंग सीन्स की फेहरिस्त में शुमार हो गया। आज भी लोग जब ’राजा हिंदुस्तानी’ की बात करते हैं तो पहले चर्चा इसी किसिंग सीन की होती है।

लेकिन करिश्मा कपूर के लिए यह किसिंग सीन बेहद ’थकाऊ’ था। इसका खुलासा उन्होंने राजीव मसंद के शो में किया था। करिश्मा कपूर ने ’राजा हिंदुस्तानी’ के इस सीन की बात करते हुए कहा था कि उन्होंने इसे बेहद मुश्किल सिचुएशन में शूट किया था। करिश्मा कपूर ने कहा था, ’लोग उस किस सीन को लेकर आज भी ऐसे बात करते हैं कि ओह वो वाला किस और ये वो, लेकिन 3 दिन तक चले उसके शूट के दौरान हम किस गुजरे हम जानते हैं। फरवरी में हम ऊटी में शूट कर रहे थे और हमें लगता था कि कब खत्म हो रहा है ये किस सीन।’

करिश्मा ने बताया था कि चिलचिलाती ठंड के कारण उस सीन को शूट करने में बहुत दिक्कत हो रही थी। इस बारे में करिश्मा ने कहा था, ’हाड़ कंपाने वाली ठंड थी। तूफानी पंखे चल रहे थे और पानी भी एकदम ठंडा था। ऐसी स्थिति में हम सुबह के 7 बजे से शाम के 6 बजे तक शूट करते थे। शॉट के बीच में भी कांपते रहते थे।’

’राजा हिंदुस्तानी’ को धर्मेश दर्शन ने डायरेक्ट किया था। फिल्म की कहानी एक ऑटो टैक्सी चलाने वाले ड्राइवर की थी, जिसे एक अमीर खानदान की लड़की से प्यार हो जाता है। इस फिल्म में अर्चना पूरन सिंह, सुरेश ओबेरॉय, मोहनीश बहल, जॉनी लीवर , नवनीत निशान और कुणाल खेमू समेत कई स्टार्स नजर आए।