मुम्बई. प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने काम से फुर्सत के पल निकालकर अपना मदरहुड एंजॉय कर रही हैं। एक्ट्रेस हाल ही में बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस को वॉक पर ले गईं। जहां प्रियंका अपनी नन्ही परी को बेबी कैरियर में लिए हुए नजर आईं। मालती के साथ इस वॉक की प्रियंका ने तस्वीरें भी शेयर की हैं। जिनमें मां- बेटी की ये क्यूट जोड़ी देखने को मिल रही है।
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस अक्सर अपनी बेटी के साथ क्वालिटी टाइम बिताते हुए नजर आते हैं, लेकिन उन्होंने कभी मालती का चेहरा नहीं दिखाया। इस बार भी प्रियंका ने मालती के साथ अपनी तस्वीर तो शेयर की है, लेकिन बेटी के चेहरे को हार्ट इमोजी से छुपा दिया है। पोस्ट को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, “22 साल हो गए और गिनती अभी चल रही है.. और अब हमारे बच्चों के साथ।” फोटो में एक्ट्रेस अपनी लाडली को गोद में लिए दिख रही हैं। यहां देखें तस्वीरें,
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने इस साल 22 जनवरी को सोशल मीडिया पर पोस्ट करके सरोगेसी से अपने माता- पिता बनने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था, “हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमने सरोगेसी के माध्यम से एक बच्चे का स्वागत किया है। हम सम्मानपूर्वक इस खास समय में प्राइवेसी की मांग करते हैं क्योंकि हम अपने परिवार पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद।”
प्रियंका की वर्कफ्रंट की बात करें तो वे जल्द ‘एंडिंग थिंग्स’, ‘टेक्स्ट फॉर यू’ और वेब सीरीज ‘सिटाडेल’ में नजर आएंगी। इसके अलावा वह फरहान अख्तर की फिल्म ‘जी ले जरा’ में भी काम करती हुई दिखाई देंगी, जिसमें उनके साथ कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके साथ ही उनके पास ‘अमेजन स्टूडियोज’ की अपकमिंग फिल्म ‘शीला’ भी है। जिसमें वह ‘मां आनंद शीला’ का किरदार निभाती हुई नजर आने वाली हैं। प्रियंका की इस फिल्म को बैरी लेविनसन डायरेक्ट कर रहे हैं। प्रियंका ने फिल्म ‘शीला’ में एक्टिंग करने के अलावा इसे प्रोड्यूस भी किया है।