नई दिल्ली ।  सीमा हैदर को लेकर छात्र ने परीक्षा में लिख दिया कुछ ऐसा, सोशल मीडिया पर खूब है चर्चा सीमा अपने बच्चों के साथ उत्तर प्रदेश के सचिन नाम के एक व्यक्ति से शादी करने के लिए अवैध तरीके से भारत आई थी। तब से ही सीमा हैदर चर्चा में है।

भारत के एक शख्स से प्यार कर अवैध तरीके से देश में दाखिल हुई पाकिस्तान की महिला सीमा हैदर बीते कुछ दिनों से चर्चा में है। सीमा अपने बच्चों के साथ उत्तर प्रदेश के सचिन नाम के एक व्यक्ति से शादी करने के लिए भारत आई थी।

सचिन से सीमा की मुलाकात ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान हुई। दोनों को ऑनलाइन गेम के ही दौरान प्यार हो गया। सीमा हैदर भारत आई और सचिन के साथ शादी के बंधन में बंध गई। हालांकि, भारतीय खुफिया एजेंसियों ने संदेह जताया है कि सीमा पाकिस्तानी जासूस हो सकती है। इस सिलसिले में जांच अभी भी जारी है लेकिन एक अलग वजह से सीमा हैदर का नाम एक बार फिर चर्चा में है।

सीमा हैदर को लेकर राजस्थान के एक छात्र ने परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका में जो लिखा वह वायरल हो रहा है। कथित तौर पर हाल ही में राजस्थान के धौलपुर जिले के एक स्कूल में आयोजित 12वीं कक्षा के राजनीति विज्ञान के पेपर में भारत-पाकिस्तान सीमा के बारे में एक प्रश्न पूछा गया था।

सवाल था – भारत और पाकिस्तान के बीच की सीमा क्या है? यह कितनी लंबी है? छात्रा ने उस सवाल के जवाब में सीमा हैदर का जिक्र करते हुए लिखा, “भारत और पाकिस्तान के बीच की सीमा को सीमा हैदर कहा जाता है। इसकी लंबाई 5 फीट 6 इंच है। दोनों देशों में इसे लेकर लड़ाई है।” इस उत्तर पुस्तिका को देखकर शिक्षक अवाक रह गए। इससे जुड़ी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस तस्वीर के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।