नई दिल्ली: भारतीय कुश्ती संघ (WFI) और बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर से चर्चा में हैं। दरअसल, गुरुवार को WFI के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनावों के नतीजे आए। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह ने अनीता श्योरण को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। इसके बाद गुरुवार को ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कुश्ती से संन्यास लेने का एलान किया। वह इसका एलान करते हुए रो पड़ी थीं। इसके अलावा विनेश फोगाट भी गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने आंसुओं को नहीं छिपा सकी थीं। नए WFI अध्यक्ष संजय सिंह और बृजभूषण के खिलाफ पहलवान एक बार फिर एकजुट होने जा रहे हैं और गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसके संकेत दिए हैं।

नया WFI अध्यक्ष बनने के बाद कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट विनेश ने कहा कि अब जब संजय भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं, महिला पहलवानों पर उत्पीड़न का दौर जारी रहेगा। यह कहते ही विनेश की आंखें भर आई थीं। वह बयान देते हुए रो रही थीं। इस दिग्गज पहलवान ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस देश में न्याय कहां ढूंढें। विनेश ने कहा- थोड़ी उम्मीद है कि हमें न्याय मिलेगा। भारतीय कुश्ती का भविष्य अंधकार में है और यह देखना दुखद है। हम अपना दुख किसे जाकर बताएंगे। हम अब भी इन सभी मुद्दों से लड़ रहे हैं।