लखनऊ। यूपी में बसपा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार को पार्टी के पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान सपा में शामिल हो गए। उनके साथ ही बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता भी सपा में शामिल हो गए। सपा में शामिल होने पर फजलुर्रहमान ने कहा कि पिछली लोकसभा में अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी। वहां उनकी सादगी और सरलता से प्रभावित था। जो एक बार अखिलेश से मिल लेता है उन्हीं का हो जाता है। सपा की नीतियों से प्रभावित होकर सपा में शामिल हो रहा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फजलुर्रहमान का स्वागत करते हुए कहा कि 2019 के चुनाव में गठबंधन के प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान को वोट देने की अपील की थी जिन्हें जनता ने चुना। इसके बाद लोकसभा में लगातार संपर्क बना रहा। उनके आने से सपा मजबूत होगी। सपा में शामिल होने वालों से उन्होंने कहा कि यूपी में सरकार में आने पर सहारनपुर से लखनऊ के लिए एक्सप्रेसवे बनाएंगे।
बसपा लोकसभा चुनाव 2024 में भी यूपी में एक भी सीट पर जीत नहीं दर्ज कर सकी है। ऐसे में पार्टी से जुड़े नेता दूसरे ठिकाने तलाश कर रहे हैं। वहीं, सपा इन चुनाव में यूपी में बड़ी ताकत बनकर उभरी है। सपा ने कांग्रेस के साथ मिलकर यूपी में 43 सीटों पर जीत दर्ज की थी और देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।