लखनऊ : यूपी में मौसम के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिन व रात के तापमान में गिरावट देखी जाएगी।
बीते दो दिन से प्रदेश भर में दिन में रूखी हवा और तेज धूप गर्मी का अहसास करा रही है। ज्यादातर हिस्से में दिन का पारा सामान्य से ऊपर चला गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और उष्ण कटिबंधीय जेट धारा के असर से यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में 25 से 35 किमी/घंटे की रफ्तार से ठंडी पछुआ हवा चलेगी।
इससे शुक्रवार तक दिन के पारे में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। रात के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। इसके असर से गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। 15 फरवरी से फिर पछुआ की रफ्तार थमेगी और दिन का पारा चढ़ेगा।
मंगलवार को झांसी, वाराणसी, आगरा, कानपुर और प्रयागराज में तापमान 30 डिग्री के पार चला गया। 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ झांसी प्रदेश में सर्वाधिक गर्म और 6 डिग्री सेल्सियस के साथ अयोध्या सबसे ठंडा रहा।