प्रयागराज. मेजा के कुंवरपट्टी में आयोजित शीतला कृपा महोत्सव में पहुंचे भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी ने कहा कि हर युग में राक्षस पैदा हुए हैं। कभी रावण तो कभी कंस और कभी खर दूषण और कभी मेघनाद और कुंभकरण। इस युग में भी कई राक्षस लोगों को दिखाई दे रहे हैं, जो साधु-संतों और धर्मग्रंथों को टारगेट कर रहे हैं। कहा कि देश पर राम की कृपा है और देश तेजी से विकास कर रहा है।

कुंवरपट्टी में चल रहे मां शीतला कृपा महोत्सव के तीसरे दिन सोमवार रात में भोजपुरी कलाकारों ने गीतों के माध्यम से रात भर श्रोताओं को बांधे रखा। भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, आजमगढ़ के सांसद दिनेश यादव निरहुआ और कल्पना पटवारी ने कई गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। पहले भोजपुरी कलाकारों ने मां शीतला का शृंगार पूजन किया और फिर महोत्सव में सजे दरबार में पहुंचे।

मनोज तिवारी ने कई गीत प्रस्तुत किए। उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए गीतों में बाड़ी शेर पर सवार, रूपवा मनवा मोहत बा.. पर श्रोता झूम उठे। दिनेश यादव निरहुआ ने निरहुआ नाम ह….प्रस्तुत किया। कल्पना पटवारी ने तिवारी बंधु के साथ ए गणेश क मम्मी…पर प्रस्तुति दी। तिवारी बंधु के अलावा जावित्री और भावना ने भी गीतों से लोगों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रभुनाथ डाही ने किया।

कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता इंद्रदेव शुक्ला उर्फ राजू भैया ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मेजा के एसीपी विमल किशोर मिश्र, थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर मिश्र, सूरजदेव शुक्ल, प्रयागराज शुक्ल, अयोध्याराज शुक्ल, ब्रह्मदेव शुक्ल, विभव मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे