मुरादाबाद।  पबजी खेलने के दौरान चार युवकों ने पांचवे को इतनी बेरहमी से पीटा की उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजन युवक की लाश को लेकर थाने पहुंच गए। उन्होंने हंगामा काटते हुए पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने को कहा। मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हासमपुर गोपाल गांव निवासी सुरेन्द्र सिंह (22) गांव के बाहर योगराज सिंह के साथ बैठा हुआ पबजी खेल रहा था। इस बीच दोनों में विवाद हो गया। यह इतना बढ़ गया कि योगराज ने सुरेन्द्र पर हमला कर दिया।

इस बीच पहुंचे योगराज के जानकार सन्नी, तीर्थ सिंह और भीमा ने भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सभी ने सुरेन्द्र को सभी ने लाठी और सरियों पीटना शुरू कर दिया। इसमें वह लहूलुहान हो गया। सुरेन्द्र सिंह शरीर पर कई स्थानों से खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने उसे हमलावरों से बचाया और मामले की जानकारी युवक के परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर उसकी शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक के भाई धर्मेन्द्र सिंह ने बताया की आरोपियों से पहले भी विवाद हो चुका था। सुरेन्द्र सिंह और योगराज सिंह दोनों एक ही फैक्टरी में काम करते थे। यहां पर दोनों में आपस में करीब चार माह पहले झगड़ा हो गया था। इसके बाद फैक्टरी मालिक ने दोनों को वहां से निकाल दिया था। अब इस घटना को अंजाम दे दिया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नही हुई है।

थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की दो टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी पर लगाया गया है। जल्दी से जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।