तालिबान के कब्जे के बाद मानवीय संकट झेल रहे अफगानिस्तान में सोमवार को एक बार फिर भूकंप आया। पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे लोगों की मुश्किलें इस प्राकृतिक आपदा की वजह और बढ़ गई है। देश के पश्चिमी प्रांत बडघिस में भूकंप के झोरदार झटकों से जान-माल का काफी नुकसान हुआ है।
तुर्कमेनिस्तान के साथ लगती सीमा पर अफगानिस्तान के पश्चिमी प्रांत बडघिस में सोमवार को दो बार आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई। भूकंप की वजह से अब तक 26 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार 5.3 तीव्रता का पहला भूकंप दोपहर करीब दो बजे जबकि 4.9 तीव्रता का दूसरा भूकंप शाम करीब चार बजे महसूस किया गया। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र 30 किलोमीटर (18.64 मील) की गहराई में था। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि भूकंप से प्रभावित हुए दूर-दराज के गांवों में अभी भी राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
प्रांत के संस्कृति एवं सूचना विभाग के प्रमुख बास मोहम्मद सरवरी ने बताया कि भूकंप के कारण हुई तबाही में कई घर ढह गए। सरवरी के मुताबिक, प्रांत के दक्षिणी भाग में स्थित कदिस जिले में भूकंप से सर्वाधिक नुकसान पहुंचा है और सबसे अधिक लोग हताहत हुए हैं।
बडघिस के गवर्नर मोहम्मद सालेह ने बताया कि कदिस जिले में कई लोग एक घर की छत गिरने से नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा भी कई अन्य लोग घायल हुए हैं जिनमें बच्चे और महिलाएं शामिल हैं।
आपातकालीन मामलों के मंत्रालय के आपातकालीन संचालन केंद्र के प्रमुख मुल्ला जनान साके (Mullah Janan Saeqe) ने कहा कि 700 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
इससे पहले अफगानिस्तान के फैजाबाद के निकट शुक्रवार रात में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। हालांकि, उस समय किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई थी। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई थी। शुक्रवार को आए भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के फैजाबाद से 117 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में था।
इससे तेज भूकंप के झटके चीन के किंघई प्रांत में सात जनवरी को महसूस किए गए थे। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया था कि रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 6.6 मापी गई है। जबकि यूरोपीयन मेडिटेरेनीयन सिस्मोलाजिकल सेंटर ने इसकी तीव्रता 6.3 होने की जानकारी दी थी। वहीं चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र के हवाले से इस भूकंप की तीव्रता 6.9 बताई थी।
चीन में भूकंप के झटके सात जनवरी देर रात करीब 1.45 बजे (भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम करीब रात 9-11 बजे के मध्य) आया था। भूकंप सतह के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई में था। यह शिनिंग शहर से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में लगभग 140 किलोमीटर दूर आया था।