बिजनौर। सोमवार की सुबह चांदपुर के गांव मिठनपुर निवासी हरवीर सिंह (65) अपने पुत्र सुनील और अनिल के साथ खेत पर गन्ना छोलने गए थे। करीब नौ बजे गन्ना छोलते समय अचानक खेत के पास ही यूके लिपटिस के पेड़ पर लगे मधुमक्खी के झुंड ने किसान पर हमला कर दिया। मधुमक्खी के काटने से किसान की खेत में ही मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। किसान की पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के चचेरे भाई भाकियू जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि हरवीर सिंह ने अपने बचाव में ईख के खेत में काफी भाग दौड़ की। उन्होंने मधुमक्खी से बचने के लिए धुआं भी किया गया। दोनों बेटों ने भी पिता को बचाने का प्रयास किया। जिसमें दोनों पुत्र भी घायल हो गए। हरवीर सिंह बिजनौर गन्ना समिति के तौल लिपिक के पद से सेवानिवृत्त थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। सरकारी मदद के लिए लेखपाल मोहित चौहान व कानूनगो ने किसान घर पहुंचकर जानकारी की।