मेरठ. कृषि विश्वविद्यालय स्थित वेटनरी कालेज के डीन प्रो. राजबीर सिंह पर जानलेवा हमले के आरोपित कुख्यात अनिल बंजी और प्रोफेसर आरती भटेले समेत पांच आरोपितों पर जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होगा। एसएसपी ने इसकी संस्तुति कर दी है। साथ ही आरोपितों की अवैध तरीके से कमाई संपत्ति की पड़ताल की जा रही है, ताकि गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की जा सके। बकौल पुलिस मुकदमे में आरोपित अनिल बंजी कुख्यात संजीव जीवा गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने उसकी करोड़ों रुपये कीमत की संपत्ति की जानकारी जुटा ली है।

गत 11 मार्च को वेटनरी कालेज से लौटते समय डीन प्रो. राजबीर सिंह पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। डीन को छह गोलियां लगी थीं। इस मामले में बिल्डर अनिल बालियान उर्फ बंजी निवासी सिसौली मुजफ्फरनगर, प्रधान मुनेंद्र बाना निवासी चितोली थाना हाफिजपुर हापुड़, शूटर आशु चट्ठा निवासी मीरपुर कला हाफिजपुर, शूटर नदीम निवासी हसनपुर हाफिजपुर और वेटनरी कालेज की महिला प्रोफेसर आरती भटेले का नाम प्रकाश में आया था। आरती भटेले फिलहाल अग्रिम जमानत पर हैं। अन्य सभी आरोपित जेल में बंद है। दौराला थाना पुलिस ने सभी पांच आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी। उस पर एसएसपी ने गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति कर दी है। दौराला थाने में जल्द ही आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।

अनिल बंजी ने जेल जाने से पहले कुख्यात संजीव जीवा से एके-47 खरीदी थी। यह एके-47 जम्मू कश्मीर से संजीव जीवा ने खरीदी थी। इसी हथियार का इस्तेमाल डीन राजबीर सिंह पर हमले में किया जाना था, लेकिन बाद में अन्य हथियार का इस्तेमाल हुआ था। शूटर नदीम को रिमांड पर लेकर पुलिस ने हमले में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की थी। जबकि एके-47 को शामली जिले की पुलिस ने बरामद कर आरोपित अनिल माजरा को गिरफ्तार किया था।

डीन राजबीर सिंह पर हमले के आरोप में जेल में बंद अनिल बंजी के पास करोड़ों की संपत्ति है। पुलिस की जांच में सामने आया कि अनिल बंजी ने इस संपत्ति को अवैध तरीके से हासिल किया है। पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत अनिल बंजी, आरती भटेले और मुनेंद्र उर्फ माना की संपत्ति जब्त करने की तैयारी कर रही है।

अनिल बंजी शातिर बदमाश है। उसने अवैध तरीके से करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटा रखी है। उसके अन्य साथियों की संपत्ति की पड़ताल की जा रही है। आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति कर दी है। इसके बाद संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।