नई दिल्ली। राजस्थान विधानसभा चुनावों को लेकर सभी बडे न्यूज चैनलों के एक्जिट पोल सामने आए गए है। राजस्थान विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल सामने आने के बाद धीरे-धीरे तस्वीर साफ हो होने लगी है। अनुमान के मुताबिक भाजपा बढ़त बनाती दिख रही है। अब किसकी सरकार बनेगी। इस बार रिवाज बदलेगा या कांग्रेस दोबारा सत्ता हासिल करने में कामयाब होगी, ये तो 03 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा।
राजस्थान में चुनावी नतीजों से ठीक पहले सीएम अशोक गहलोत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि धर्म का कार्ड नहीं चला तो राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनेगी। उन्होंने कहा धर्म का कार्ड चला तभी हम हारेंगे। जैसे इन्होंने एमपी, कर्नाटक में सरकार गिराई वैसी सरकार राजस्थान में गिराने में फेल हो गए। इसलिए सोच समझकर सबने दिल्ली में प्लानिंग की होगी कि इस बार राजस्थान में हमें कांग्रेस सरकार रिपीट नहीं होने देनी है, लेकिन लगता है कि इनका परसेप्शन चलेगा नहीं।
हम सरकार बना रहे हैं। सटोरिए कुछ भी कह दें, मीडिया कुछ भी कह दे, मेरा हंच कहता है कि पिछले 6 महीने में मैं जो सुन चुका हूं गांवों में उससे लगता है कि हम सरकार बनाएंगे। यह पहली सरकार है देश में जिसके खिलाफ कोई एंटी इनकमबेंसी नहीं है। बीजेपी का वोटर भी यही कहेगा कि सीएम ने काम करने में कोई कमी नहीं रखी।
वहीं, सचिन पायलट ने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि कांग्रेस सरकार बनाएगी। जनता भी बड़ी समझदार है, वो सारी बातें सुनती है। वह सही निर्णय लेती है और अल्टिमेटली जनता का निर्णय सभी को स्वीकार्य है।
इंडिया टीवी-सीएनएक्स के सर्वे के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस को 94-104 सीटें। भाजपा को 80-90 सीटें और अन्य 14-18 सीटें मिलने का अनुमान है।
आज तक-एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस को 86-106 सीटें। भाजपा को 80-100 सीटें और अन्य 9-18 सीटें मिलने का अनुमान है।
टीवी 9 पोलस्ट्रैट के सर्वे के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस को 90-100 सीटें। भाजपा को 100-110 सीटें और अन्य 5-15 सीटें मिलने का अनुमान है।
दैनिक भास्कर के सर्वे के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस को 85-95 सीटें। भाजपा को 98-105 सीटें और अन्य 10-15 सीटें मिलने का अनुमान है।
रिपब्लिक-मैट्रिज के सर्वे के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस को 65-75 सीटें। भाजपा को 115-130 सीटें और अन्य 12-19 सीटें मिलने का अनुमान है।