मेरठ. नोएडा एसटीएफ यूनिट ने मेरठ के पांच तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। ये लोग अंतरराज्यीय गिरोह के साथ मिलकर काम करते थे। एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से दो कारों में भरी 5.64 क्विंटल गांजे की खेप बरामद की है। इनके पास से छह मोबाइल भी बरामद हुए हैं। बरामद गांजे की कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है। सभी तेलंगाना, ओडिशा, आंध प्रदेश से कार में गांजा लाकर एनसीआर-वेस्ट यूपी के कई शहरों में बिक्री करते हैं।

आरोपियों की पहचान इरशाद, फिरोज, सलमान, आरिफ, दिव्यांश कुमार हैं। जबकि इनके साथ ही मुजफ्फरनगर के शाहिद, बागपत के अफजाल अब्बासी, राजस्थान निवासी तेजपाल को बाद में गिरफ्तार किया गया। तेजपाल फिलहाल आंध्र प्रदेश में फ्लैट लेकर रहता है और वहीं तस्करों के संपर्क में है। इनमें से एक तस्कर मेरठ निवासी इरशाद कक्षा पांच पास है। इरशाद आज इसी गांजे की तस्करी कर लखपति बन गया है। जबकि वह पूर्व में खराब एलईडी बल्ब ठीक कराकर 100 रुपये में चार बेचने का काम करता था।

मुजफ्फरनगर निवासी सलीम उसका रिश्तेदार है जो पहले से ही गांजा तस्करी करता है। सलीम के संपर्क में आकर इरशाद भी गांजा तस्कर बन गया। सलीम ने अपने साथी अमान निवासी मेरठ और विकास त्यागी के साथ इरशाद को गांजा तस्करी में लगा दिया। पकड़े गए आरोपियों में शाहिद के खिलाफ मुजफ्फरनगर में डकैती और हत्या की कोशिश का भी केस दर्ज है। आरोपियों ने अपनी कारों में खिड़कियों के पास डिग्गियां बनाईं हुईं हैं।