दिल्ली। दिल्ली बवाना इलाके में घरेलू विवाद में एक महिला ने अपने ढ़ाई साल के भांजे को पानी की टंकी में डूबा कर मार डाला। महिला के घर से दस हजार रुपये गायब हो गए थे। बच्चे के पिता पर रुपये चुराने का शक था और इस बात को लेकर महिला का अपने पति और बहन के परिवार से झगड़ा हो रहा था। सीसीटीवी कैमरे की जांच में महिला को बच्चे को घर ले जाते हुए दिखने और उसके घर की पानी की टंकी से बच्चे का शव मिलने के बाद पुलिस ने शक के आधार पर महिला को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने बताया कि उसने बहन के परिवार को सबक सिखाने के लिए वारदात को अंजाम दिया
मृत बच्चे की शिनाख्त आयुष के रूप में हुई है। वह अपनी मां रीना, पिता प्रकाश दास और बड़ी बहन के साथ डाक खाना वाली गली रमेश नगर में रहता था। उसके पिता बेलदारी का काम करते हैं। 13 दिसंबर की शाम 5.46 बजे पुलिस को आयुष के गायब होने की जानकारी मिली। मौके पर पुलिस को शिकायतकर्ता बच्चे की मौसी बसंती मिली। उसने बताया कि बच्चा उसके घर से गायब हो गया है। उसने बच्चे को चुराने का शक जताया।
उसने बताया कि बच्चा उसकी बहन रीना का है जो उसके पड़ोस में रहती है। आयुष घर के बाहर रो रहा था, इसलिए वह उसे लेकर अपने घर आई थी। उसने उसे अपने माता-पिता के कमरे में सुला दिया था। कुछ देर बाद आयुष की सात साल की बड़ी बहन माला घर आई। आयुष के वहां नहीं मिलने पर उसने शोर मचाया। उसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने उसके घर के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। फुटेज में पुलिस ने देखा कि बसंती बच्चे को लेकर अपने घर गई। कुछ ही मिनट में वह घर से बाहर निकली। उसके पास बच्चा नहीं था। उसके बाद बच्चे की बड़ी बहन वहां आई। उसने आयुष के गायब होने को लेकर शोर मचाया। इस दौरान वहां कोई नहीं आया था। फुटेज के आधार पर पुलिस को बसंती के गतिविधि पर शक हुआ। पुलिस ने बुधवार देर रात बच्चे के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने शक के आधार पर बसंती के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को घर की पहली मंजिल पर पानी की टंकी में आयुष का शव मिला। साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने बसंती को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। उसने बच्चे की हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि 20 दिन पहले उसकी मां के दस हजार रुपये चोरी हो गए थे।
उसे बच्चे के पिता प्रकाश दास पर पैसे चुराने का शक था। इस बात को लेकर उसका अपने पति और अपनी बहन के परिवार से झगड़ा चल रहा था। जिससे परेशान होकर उसने बहन के परिवार को सबक सिखाने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस खुलासे के बाद हत्या का मामला दर्ज कर बसंती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बसंती का पति बेलदारी का काम करता है।