मेरठ। पति अवैध संबंध में बाधक बन रहा था, इसलिए उसे प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर मार दिया। घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए पति के शव को फंदे पर लटका दिया था। गिरफ्तार होने के बाद महिला और उसके प्रेमी ने घटना का इकबाल किया है। एक आरोपित अभी फरार है।
सरधना थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मुजफ्फरनगर जिले के जौला गांव निवासी इरशाद उर्फ भूरे का निकाह 17 वर्ष पूर्व पिठलोकर गांव निवासी शाहजहां उर्फ भूरी से हुआ था। वह पत्नी के साथ ससुराल में ही रहता था। उसकी पत्नी के गांव के ही सुहैल से अवैध संबंध थे। इसके चलते दंपती में झगड़ा होता था। 28 अगस्त की रात इरशाद ने दोनों को एक साथ देख लिया था, जिस पर झगड़ा हो गया था। इसके बाद पत्नी ने प्रेमी सुहैल और उसके दोस्त मनव्वर के साथ मिलकर कपड़े से मुंह दबाकर पति की हत्या कर दी थी। हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए केबल गले में बांधकर शव फंदे पर लटका दिया था। मृतक के भाई इमरान ने हत्या की आशंका जताते हुए 10 सितंबर को डीएम से शिकायत की थी। पुलिस ने शव कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। रविवार को पुलिस ने बपारसी बस स्टैंड के पास से महिला और उसके प्रेमी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने सुहैल, मनव्वर और शाहजहां के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मनव्वर की तलाश जारी है। पूछताछ में उन्होंने हत्या करना स्वीकार किया है।
मृतक के स्वजन हत्या की आशंका जता रहे थे लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद पीड़ित ने डीएम से गुहार लगाई, तब पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि काफी दिनों बाद पोस्टमार्टम हुआ था, इसलिए हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई थी। पुलिस ने मिट्टी की भी जांच कराई थी लेकिन उसमें भी कुछ पता नहीं चला। गिरफ्तारी के बाद आरोपितों ने सच उगल दिया।