नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की शराब घोटाले में गिरफ्तारी कर ली गई है। संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी ने संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में संग्राम शुरू कर दिया है वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने भी आम आदमी पार्टी के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया हुआ है।
बुधवार को ईडी की छापेमारी के बाद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। संजय सिंह के समर्थन में उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इकट्ठा हो रहे हैं। दोनों ही दलों ने एक दूसरे के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की तैयारी की है।
भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली यूनिट के नेता राजघाट पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के दूसरे नेताओं की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करने आए हैं।
एक तरफ भाजपा नेता आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ आप के नेता भाजपा पर बदले की राजनीति के आरोप लगा रहे हैं। दोनों तरफ से सोशल मीडिया और प्रेस कांफ्रेंस के जरिए एक दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं। ईडी और सीबीआई का दावा है कि दिल्ली में शराब कारोबारियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाया गया और बदले में उनसे रिश्वत ली गई।