मुरादाबाद : कटघर क्षेत्र की युवती ने दूसरे समुदाय के युवक पर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी समेत आठ लोगों पर केस दर्ज कर आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिवार ने शादी के नाम पर धोखा देकर उसका उत्पीड़न किया।
कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने दूसरे समुदाय के युवक पर दुष्कर्म करने और धर्म परिर्वतन करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर आरोपी और उसके परिवार के आठ लोगों पर केस दर्ज कर किया है।
पुलिस ने आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार साल पहले उसकी जान पहचान कटघर थाना क्षेत्र के इमलाख गांव निवासी आसिफ से हुई थी। आरोपी ने पीड़िता से शादी करने के लिए कहा था।
पीड़िता का कहना है कि आसिफ के दूसरे समुदाय के होने के कारण उसने शादी करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आरोपी उसे हरिद्वार ले गया और वहां उसने हिंदू धर्म अपना लिया था। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने शादी करने के लिए आरोपी पर दबाव बनाया तो वह टालमटोल करने लगा।
इसी बीच पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता का कहना है कि अब वह फिर से गर्भवती है और आरोपी शादी नहीं कर रहा है। पीड़िता ने 20 दिसंबर को आरोपी को गर्भवती होने की जानकारी दी तो उसने उसके साथ अभद्रता की और गाली गलौज की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी आसिफ की मां रूखसाना, चाचा कासिम, भाई इमरान, कासिम की पत्नी सन्नो, बहनोई मोहम्मद उमर, और नासिर ने भी उसका उत्पीड़न किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उस पर दबाव बनाया है कि वह धर्म परिवर्तन करे। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार आरोपी आसिफ समेत आठ लोगों पर दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देना, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार शाम आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पीड़ित युवती ने बताया कि आरोपी उसे हरिद्वार ले गया था। वहां आरोपी ने हिंदू धर्म अपना लिया था लेकिन कुछ दिन बाद ही आरोपी ने युवती से कहा कि उसने तो उसे धोखा देने के लिए हिंदू धर्म अपनाने का नाटक किया था। पीड़िता ने उसके परिवार के लोगों पर भी उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।