मुंबई. टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री रिद्धिमा पंडित कम समय में ही दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। अपने टीवी शो बहू हमारी रजनीकांत में एक रोबोर्ट के किरदार में नजर आईं रिद्धिमा को लोगों ने बेहद पसंद किया था। शो में अपनी मासूमियत और बेहतरीन अदाकारी से एक्ट्रेस ने हर किसी का दिल जीत लिया था। 25 जून 1990 को जन्मी रिद्धिमा पंडित आज अपना 32वां जन्मदिन मनाएंगी। अभिनेत्री के जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें-

टेलीविजन के मशहूर सीरियल बहू हमारी रजनीकांत में रजनी के अपने किरदार से रिद्धिमा ने घर-घर में लोकप्रियता हासिल की। इस शो से कम समय में ही लोगों के बीच मशहूर कर दिया था। शो में वह एक सुपर रोबॉट के किरदार में नजर आई थीं। रिद्धिमा पंडित ने बतौर मॉडल अपने करियर की शुरुआत की थी। वह एकता कपूर के शो हैवान, द ड्रामा कंपनी शो में भी नजर आई थीं। साथ ही उन्होंने खतरों के खिलाड़ी और खतरा-खतरा शो में भी हिस्सा लिया था।

अपने अभिनय करियर के साथ ही रिद्धिमा पंडित अपने निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में रहीं। रिपोर्ट्स की मानें तो रिद्धिमा ने ऋतिक रोशन के चचेरे भाई एहसान रोशन को डेट किया है। अभिनेत्री उनके साथ 10 साल तक रिश्ते में थीं। हालांकि रिद्धिमा ने कभी भी अपने इस रिश्ते पर मुहर नहीं लगाई। बता दें कि एहसान रोशन राजेश रोशन के बेटे हैं। खबरों की मानें तो जब दोनों सिर्फ 14 साल से ही रिलेशनशिप में थे। हालांकि, 10 साल बाद दोनों अलग हो गए। ब्रेकअप के बाद उन्होंने एहसान को अपना दोस्त बताया।

एहसान रोशन के बाद रिद्धिमा पंडित का नाम टेलीविजन के मशहूर अभिनेता कुशाल टंडन के साथ भी जोड़ा गया था। हालांकि, इन दोनों ही कलाकारों ने हमेशा ही रिश्ते में होने की बात को कभी स्वीकार नहीं किया। रिद्धिमा ने जहां कुशाल को अपना बहुत अच्छा दोस्त बताया तो वहीं कुशाल ने भी ये दावा किया था कि रिद्धिमा पंडित सिर्फ उनकी दोस्त हैं।

स्टंट रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी के नौवें सीजन के दौरान रिद्धिमा पंडित और शमिता शेट्टी के झगड़े ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थी। हालांकि, एक्ट्रेस ने शमिता शेट्टी के साथ अपने झगड़े पर इंकार किया था। खतरों के खिलाड़ी के अलावा वह रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी में भी नजर आईं थी। एक्ट्रेस इस शो में हाईएस्ट पेड कंटेस्टेंट थीं। इस शो के लिए उन्हें हर हफ्ते 5 लाख रुपये दिए जाते थे। इस शो में उनके शामिल होने पर लोगों ने कहा था कि वह आर्थिक तंगी के चलते यह शो कर रही हैं, लेकिन एक्ट्रेस ने इस बात को सिरे से नकार दिया था।