मुंबई. रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सर्कस’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। इस फिल्म का लोगों को लंबे अर्से से इंतजार था। हालांकि रिलीज के बाद से फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला है। आइए जानते हैं कि इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर अब तक कितनी कमाई कर ली है।

रोहित शेट्टी की फिल्मों का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि रोहित दर्शकों की पसंद को समझते हैं और हमेशा मास एंटरटेनर फिल्म बनाने पर फोकस करते हैं। यही वजह है कि उनकी फिल्मों को लोग काफी उत्साह के साथ देखते हैं, लेकिन इस बार रोहित शेट्टी यह करिश्मा दोहराते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। उनकी फिल्म ‘सर्कस’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कम कलेक्शन किया था। फिल्म ओपनिंग डे पर महज 6.75 करोड़ का बिजनेस ही कर सकी थी। वहीं, दूसरे दिन भी फिल्म की कमाई में कोई सुधार होता नहीं दिख रहा है।

शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को भी फिल्म ने 6.75 करोड़ का ही कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 13.50 करोड़ हो गया है। रणवीर सिंह जैसे स्टार और रोहित शेट्टी जैसे बड़े डायरेक्टर की मौजूदगी के बावजूद फिल्म की इतनी कम कमाई वाकई हैरान कर देने वाली है। बता दें कि रणवीर सिंह के सितारे कुछ दिनों से गर्दिश में चल रहे हैं। कोरोना महामारी के बाद से रिलीज हुई उनकी फिल्म 83 से उन्हें काफी उम्मीदें थीं, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धराशायी हो गई।

वहीं, यशराज फिल्म्स के बैनर तले रिलीज हुई उनकी दूसरी फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ भी बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा सकी थी। वर्क फ्रंट की बात करें तो इस फिल्म के बाद रणवीर जल्द ही ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म में उनके अपोजिट आलिया भट्ट ने काम किया है। वहीं, इसका निर्देशन करण जौहर ने किया है।