मुजफ्फरनगर। शहर की कमला नेहरू वाटिका यानी कंपनी बाग सैर सपाटे पर अव्यवस्थाएं हावी है। यहां सुबह-शाम के समय लोग सैर, योग, दौड़ के लिए आते हैं। पालिका का शौचालय खराब है। कंपनी बाग के बाहर वाहन अनियंत्रित तरीके से खड़े रहते हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि पालिका के कर्मचारी नियमित सफाई नहीं करते हैं।

गर्मी के मौसम में कंपनी बाग में सैर करने वालों की संख्या लगातार बढ़ जाती है। यहां सुबह के समय कंपनी बाग के बाहर दोपहिया और चौपहिया वाहनों की कतार लग जाती है। इतने अनियमित तरीके से वाहन खड़े हो जाते हैं कि पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। कंपनी बाग में नियमित कार्य नहीं होने से पेड़ों के साथ खरपतवार खड़ी है। यहां योग केंद्र के आस-पास भी सफाई नहीं है। शौचालय की हालत यह है कि इसके पास से निकलना मुश्किल है। यहां प्रतिदिन सैर पर आने वाले सुभाष मित्तल कहते हैं कि नगर पालिका ने यह शीतल जल की व्यवस्था कर रखी है, लेकिन वाटर कूलर में ठंडा पानी आता ही नहीं है। पालिका कर्मचारी बेखबर है।

कंपनी बाग में भ्रमण के लिए आने वाले संदीप सिंघल का कहना है कि मुख्य द्वार के बाहर वाहन बेतरतीब खड़े हो जाते हैं। पैदल वालों का कंपनी बाग में प्रवेश करना मुश्किल हो जाता है। इसके लिए अलग से व्यवस्था होनी चाहिए। कंपनी बाग में प्रतिदिन आने वाले राजीव सिंह का कहना है कि कंपनी बाग का सुंदरीकरण होना चाहिए। यहां इतने लोग आते हैं, उन्हें यहां आकर अच्छा लगना चाहिए। पालिका को थोड़ा ध्यान देने की आवश्यकता है।

प्रतिदिन घूमने के लिए आने वाले अशोक गोयल का कहना है कि पालिका ने यहां शौचालय तो बनवा दिया। जिस दिन से बना है खराब पड़ा है। यहां इसकी देखरेख के लिए कर्मचारी नहीं है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सुबह के समय प्रतिदिन यहां सैर पर आने वाले राकेश गर्ग का कहना है कि स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कंपनी बाग के बीच में ही ध्यान केंद्र बना है। इसके चारों तरफ गंदगी है। स्वच्छता पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

बुजुर्ग बिजेंद्र गुप्ता यहां सुबह के समय भ्रमण के लिए आते हैं। वह कहते हैं कि कंपनी बाग में खरपतवार अधिक खड़ा है। पौधों की नियमित निराई-गुड़ाई होनी चाहिए। इससे आने वालों को अच्छा लगता है। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप का कहना है कि कंपनी बाग की व्यवस्था सुधारने के लिए जल्द ही अधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी। कंपनी बाग शहर की पहचान है इसे कायम रखा जाएगा।