नई दिल्ली। दिल्ली पर एक पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले चौबीस घंटे में देखने को मिल सकता है। इसके चलते तेज हवा के साथ अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ओलावृष्टि की भी संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार को हल्के बादलों की आवाजाही के साथ तेज धूप निकली। इसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। आर्द्रता का स्तर 95 से 36 फीसदी तक रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चौबीस घंटे के अंदर पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
हवा की गति कम होने के चलते वायु मंडल में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 208 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। हालांकि, अगले चौबीस घंटों में होने वाली मौसमी गतिविधियों के चलते प्रदूषण का स्तर साफ होने की उम्मीद है।