नई दिल्ली। टीवी एक्ट्रेस अनन्या सोनी को किडनी फेलियर के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह मेरे साईं के अलावा इश्क में मरजावा नामक शो में नजर आ चुकी है। अब उन्हें वित्तीय सहायता की भी आवश्यकता है। अनन्या सोनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने इस बारे में जानकारी दी है और लोगों से सहायता करने का आव्हान भी किया है।
अनन्या सोनी ने टेलीविजन शो नामकरण, इश्क में मरजावा और मेरे साई जैसे शोज में काम किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शनिवार की देर रात अपनी कंडीशन के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह बहुत गंभीर हैं और उन्हें अब डायलिसिस कराना होगा। वह जल्द किडनी ट्रांसप्लांट के लिए भी अप्लाई करेंगी। उन्होंने अपने फैंस से कामना करने की अपील की है।
अनन्या ने पोस्ट में लिखा है, ’डॉक्टर ने मुझे कहा है कि मेरी किडनी फेल हो गई है और मुझे अब डायलिसिस कराते रहना होगा। मेरा क्रिएटिनिन 15.76 पर आ गया है जबकि मेरा हिमोग्लोबिन 6.7 है। इसके चलते मेरी कंडीशन बहुत ही खराब है। अंधेरी ईस्ट के अस्पताल में भर्ती हो रही हूं। मेरे लिए प्रार्थना करिए। मेरे लिए जीवन सरल नहीं रहा है। मेरे जीवन में कई चुनौतियां आई है। मैं यह जानती थी कि यह समय आने वाला था। यह भी चला जाएगा। मैं जल्द अपनी किडनी ट्रांसप्लांट करवाऊंगी। मैं डायलिसिस के बाद किडनी के लिए अप्लाई करने वाली हूं।’
इस पर एक्ट्रेस भावना भर्तवाल ने लिखा है, ’हार कर जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं। महादेव तुम्हारी रक्षा करेंगे। एक बात याद रखना जिंदगी एक सफर एक नई जंग है। जीत जाएगी तू हम सब तेरे संग है।’ वहीं कई लोगों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है।