लखनऊ। राजा भैया ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को मतदान करने का एलान किया है। सपा में हुई फूट पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। कहा कि ये तो उन्हीं से पूछिए। आज हनुमान जी का दिन है। सब अच्छा ही होगा।

हंडिया से सपा विधायक हाकिम चंद्र बिंद ने भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है। इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव में भाजपा के आठवें प्रत्याशी संजय सेठ की जीत तय हो गई है। संजय सेठ ने विक्ट्री साइन बनाकर अपनी जीत का एलान कर दिया है।

समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश प्रताप सिंह, मनोज पाण्डेय, राकेश पाण्डेय, पूजा पाल, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने भाजपा को वोट दिया है। कांग्रेस के विधायक वीरेंद्र चौधरी भी भाजपा को वोट देंगे। बसपा विधायक उमाशंकर सिंह मतदान नहीं करेंगे। अगर भाजपा के आठवे प्रत्याशी के लिए संकट हुआ तो बीजेपी को मतदान करने आएंगे। बदायूं सपा विधायक आशुतोष मौर्य ने भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है।

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सपा के कई विधायक बागी हो गए हैं। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कई विधायकों को मतदान करने का रिहर्सल भी कराया।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जीतने के लिए कुछ भी करेगी जिन्हें लाभ मिलने वाला होगा वो चला जाएगा। लखनऊ में रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय और रालोद के सभी विधायक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दिखाई दिए हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मनोज पाण्डेय हमेशा सनातन धर्म के पक्षधर रहे हैं। राम लला के दर्शन के लिए जब प्रस्ताव आया तब वे चाहते थे कि सभी लोग दर्शन के लिए जाएं लेकिन लोगों ने उसका विरोध किया। आज PM मोदी की नीतियों पर विश्वास कर वे निर्णय ले रहे हैं।

समाजवादी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। विधायक अभय सिंह ने अपना स्टेटस अपडेट कर दिया है। उन्होंने लिखा कि जय रघुनंदन, जय सियाराम। समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को खत्म करने का आरोप लगया है। उन्होंने कहा खरीद फरोख्त करके सपा विधायकों का वोट लेना चाहती है बीजेपी। समझ नहीं आता कि बीजेपी को वोट ख़रीदने की आवश्यकता क्यों पड़ गई?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सभा के द्विवार्षिक चुनाव में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आज विधान भवन, लखनऊ में मतदान किया। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पास एनडीए के घटक दलों के साथ समर्थित दलों के कुल 287 विधायकों का वोट है। पार्टी को वर्तमान स्थिति में आठ सीटें जीतने के लिए 296 मतों की आवश्यकता है।

ऐसे में पार्टी को 9 अतिरिक्त मत चाहिए। वहीं, सपा को तीन सीटें जीतने के लिए 111 मतों की आवश्यकता है। सपा के पास कांग्रेस के दो विधायकों सहित कुल 108 वोट हैं। ऐसे में सपा को तीसरी सीट जीतने के लिए तीन अतिरिक्त वोट चाहिए। सूत्रों के मुताबिक दोनों ही दलों ने एक-दूसरे को खेमे में सेंधमारी ही हर संभव कोशिश की है। किसका प्रयास सफल रहता है यह तो मंगलवार रात मतगणना के बाद ही सामने आएगा।

भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, अमरपाल मौर्य, नवीन जैन, तेजवीर सिंह, संजय सेठ, साधना सिंह और संगीता बलवंत बिंद प्रत्याशी हैं। सपा ने जया बच्चन, रामजीलाल सुमन और आलोक रंजन को मैदान में उतारा है।

राज्यसभा चुनाव के लिए सुबह 9 से मतदान शुरू हो गया है, मतदान शाम 4 बजे तक विधान भवन के तिलक हॉल में होगा। मतदान के लिए तीन बूथ बनाए गए हैं। मतदाता सचिवालय के गेट नंबर 7 से प्रवेश करेंगे। विधान भवन के कक्ष नंबर 80 से मतदाता पर्ची प्राप्त कर मतदान के लिए तिलक हाल जाएंगे। तिलक हॉल में मतपत्र पर निर्वाचन आयोग के विशेष पैन से मतदान करेंगे। मतदान के बाद शाम 5 बजे से मतगणना होगी।

राज्यसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के लिए मतदान मंगलवार को चल रहा है। भाजपा के आठ और सपा के तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। भाजपा ने आठवीं और सपा ने तीसरी सीट जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।