लखनऊ। दिसंबर के आखिर में भी ठंड का असर दिन के समय कम है। लेकिन मंगलवार को मौसम ने करवट बदली। मुजफ्फरनगर में सुबह बारिश होने से गलन बढ़ गई।

सोमवार को लखनऊ में दोपहर बाद बादलों की वजह से धूप प्रभावित हुई, लेकिन दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ जगह हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

लखनऊ में मंगलवार को बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है। इसमें दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग ने 24 दिसंबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद सहित अन्य कई जिलों में हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।

वहीं, 24 और 25 दिसंबर को प्रदेश में मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, रामपुर और बरेली आदि जिले घने कोहरे से प्रभावित रह सकते हैं।

आगरा शहर में सोमवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह बादल छाए रहे और दोपहर में कुछ क्षेत्रों में बौछार पड़ीं। दिन में कुछ समय के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन शीत लहर और बादलों की वजह से उसका असर कम रहा। गलन अधिक रही। शाम को एक बार फिर बौछार पड़ीं। माैसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 व 28 दिसंबर को वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने सोमवार से मौसम में बदलाव आने का पूर्वानुमान जताया था। रविवार देर रात से ही बादल घिर आए थे। सुबह भी बादल छाए रहे और सूरज ने दर्शन नहीं दिए। सिकंदरा और उसके आसपास के क्षेत्रों में दोपहर 12:30 बजे के करीब बौछार पड़ीं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वर्षा में भीगने से बचने को वह सुरक्षित स्थान तलाशते दिखे। शाम को छह बजे दोबारा बौछार पड़ीं। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य तापमान से अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।

मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। मंगलवार को यह कमजोर होगा, जिससे आंशिक बादल रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 25 दिसंबर को सुबह हल्का कोहरा पड़ सकता है। दोपहर में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। 26 दिसंबर को आंशिक बादल रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने से 27 व 28 दिसंबर को आंशिक बादल छाए रहने के साथ बौछार या तेज हवा के साथ वर्षा हो सकती है। 29 दिसंबर को आंशिक बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी।