जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला है। भाजपा के बहुमत के बीज राज्य के सीएम को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस दौरान कई नामों की चर्चा सामने आ रही है। इनमें सबसे आगे राजस्थान के योगी कहे जाने वाले बाबा बालकनाथ चल रहे हैं। बाबा बालकनाथ के अलावा लिस्ट और भी नाम शामिल हैं। आइये जानते हैं राजस्थान के सीएम को लेकर किन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा की जा रही है…
राजस्थान में भाजपा को बहुमत मिलने जा रहा है। ऐसे में एक सवाल उठने लगा कि राजस्थान का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चर्चा शुरू हुई तो इनमें तिजारा सीट से भाजपा प्रत्याशी बाबा बालकनाथ सबसे आगे चल रहे हैं।
सीएम फेस को लेकर हुए सर्वे में भी भाजपा की तरफ से बाबा बालकनाथ सबसे आगे निकल गए। ऐसे मैं माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश की तरह ही भारतीय जनता पार्टी राजस्थान में भी हिंदुत्व और ओबीसी कार्ड खेलते हुए महंत बालकनाथ को मुख्यमंत्री बना सकती है। हालांकि, अभी तक भारतीय जनता पार्टी ने आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं किया है।
जब राजस्थान में चुनावी तैयारियां शुरू हुईं तब राज्य की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भाजपा की सबसे बड़ी नेता के तौर पर सामने आईं। जैसे-जैसे चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंचा वसुंधरा की चमक फीकी पड़ती गई। भाजपा ने उन्हें अपना मुख्यमंत्री पद का चेहरा नहीं घोषित किया। हालांकि, वसुंधरा राजे अब भी सीएम के चेहरे के तौर पर दौड़ में शामिल हैं।
वसुंधरा राजे के अलावा मुख्यमंत्री की दौड़ में गजेंद्र सिंह शेखावत भी माने जा रहे हैं। गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ ही केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का नाम भी राजस्थान के सीएम पद की दौड़ में आगे चल रहा है। इन सबके अलावा वर्तमान में राजस्थान के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी का नाम भी सीएम पद की दौड़ में बताया जा रहा है।