मेरठ. एक दर्दनाक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में गर्भवती पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति का हाथ कट गया। दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति का एक हाथ और दूसरे हाथ की उंगली कट गई है। पुलिस ने घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

पुलिस के अनुसार सरधना थाना क्षेत्र के गांव इकड़ी निवासी किरण और पति नितिन को अपने घर सन्धावली जनपद मुजफ्फरनगर लौटना था। लेकिन डॉक्टर से दवा लेने के लिए पहले वे कंकरखेड़ा जा रहे थे। इसी बीच करनाल हाईवे पर ड्रीम सिटी के पास शामली की ओर से पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में किरण की मौके पर ही मौत हो गई और नितिन का बाया हाथ कट गया। जबकि दाहिने हाथ की उंगली कट गई। हादसे की सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घायल को कंकरखेड़ा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

तीन साल पहले ही हुई थी शादी, दोनों परिवार में मचा कोहराम
हादसे में किरण की मौत के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। किरण और नितिन की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। अभी दोनों के कोई बच्चा नहीं था। किरण कुछ दिन पहले अपनी बहन कोमल की शादी के लिए मायके में आई थी। शनिवार को कंकरखेड़ा में डॉक्टर से दवाई लेने के बाद उसे अपनी ससुराल जाना था। लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि नितिन गाजियाबाद में प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है।