देहरादून। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नौकरी का झांसा देकर रकम हड़पने के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। वहीं कस्बे से एक वारंटी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को लिखापढ़ी के बाद चालान कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पंकज निवासी जबलपुर की तहरीर पर पुलिस ने विकास निवासी केलनपुर पुरकाजी मुजफ्फरनगर व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पीड़ित ने बताया था कि उसकी बहन आरती और रिश्तेदार मोनू को कृषि विभाग में नौकरी का झांसा देकर आरोपियों ने सात लाख 10 हजार रुपये हड़प लिए थे। साथ ही फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया गया था। पुलिस टीम ने नामजद आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार किया है।
वहीं दूसरे मामले में संजय कुमार सैनी निवासी ग्राम कुरडी ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें कहा गया था कि वर्षा मलिक निवासी शामली ने आरोपियों के साथ मिलकर उनके पुत्र गौरव सैनी को सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब तीन लाख रुपये हड़प लिए। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने महिला आरोपी वर्षा मलिक निवासी ग्राम झाल काबड़ोद शामली उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।