ओडिशा में पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है जो पैसों के लिए शादियां करता था। 67 साल का शख्स शादी करके दुल्हन से रुपए-गहने ऐंठ उसको छोड़ देता था। आरोपी की 27 शादियों की जानकारी अब तक सामने आई है। वह अगले सप्ताह भी दो शादियां करने वाला था। पुलिस को आशंका है कि उसने अब तक 60-65 महिलाओं को धोका दिया है। गिरफ्तार शख्स धोकेबाजी में अव्वल है। वह कई बैंकों को भी करोड़ों का चूना लगा चुका है। वह शादी करने के लिए खुद को कभी डॉक्टर तो कभी सरकारी अफसर बताता था।
दिखने में सामान्य सा, उम्र 67, लेकिन दुल्हनों की लगाई लाइन
ओडिशा का रहने वाला 67 साल का बिभु प्रकाश स्वैन दिखने में सामान्य सा बुजुर्ग है। उसने ज्यादा पढ़ाई-लिखाई भी नहीं की। वह पहले एक मेडिकल लैब में असिस्टेंट का काम करता था। लेकिन मैट्रिमोनियल साइट्स पर खुद को कभी डॉक्टर, कभी प्रोफेसर तो कभी सीनियर सरकारी अफसर बताकर लगातार शादियां कर दुल्हनों को धोका देता रहा। पुलिस 8 महीने से उसकी तलाश कर रही थी।
1978 में हुई थी पहली शादी, 3 बच्चे बन चुके हैं डॉक्टर
बिभु प्रकाश की पहली शादी 1978 में हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। जिनमें से दो डॉक्टर और एक डेंटिस्ट हैं। पहली पत्नी से अनबन होने के बाद बिभु भुवनेश्वर में अकेले रहकर एक के बाद शादियां करने लगा। उसने देश भर में शादियां की।
भुवनेश्वर में तीन फ्लैट, तीनों में रहती थीं बीवियां
पुलिस की जांच में आरोपी के बारे में एक से बढ़कर एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। आरोपी बिभु ने भुवनेश्वर में तीन फ्लैट ले रखे थे। वह तीनों में एक समय में अलग-अलग पत्नियों को रखता था। इसके अलावा भी वह दूसरे शहरों में भी शादियां कर लेता था।
दर्जनों महिलाओं को ठगने वाला चालबाज काफी शातिर था। वह फोन में शिकार बनाई जाने वाली महिलाओं के नंबर ‘पत्नी वन, पत्नी टू, टीचर पत्नी, होने वाली पत्नी’ जैसे नामों से सेव करता था। पुलिस ने जब उसका फोन चेक किया तो उसमें कई ऐसी महिलाओं के भी नंबर मिले जिनसे आरोपी कुछ दिनों में शादी करने वाला था।
अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को बनाता था निशाना
अलग-अलग मैट्रिमोनियल साइट्स पर आरोपी अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं की तलाश में रहता था। वह ज्यादातर 40-50 साल की उम्र की महिलाओं को निशाना बनाता था। वह मैट्रिमोनियल साइट्स पर खुद को काफी बढ़ा-चढ़ा कर पेश करता था। वह अपनी उम्र भी 67 की जगह 56 बताता था। शादी के बाद वह कुछ दिन पत्नी के साथ रहता। रुपए और गहने ऐंठने के बाद फरार हो जाता था।
आरोपी की ठगी का शिकार होने वाली ज्यादातर महिलाएं अच्छी पोस्ट पर काम करने वाली और पढ़ी-लिखी हैं। इनमें केरल लोक सेवा आयोग की ऑफिसर, आइटीबीपी ऑफिसर, सुप्रीम कोर्ट की वकील, दिल्ली की टीचर समेत कई उच्च सरकारी नौकरियों वाली महिलाएं शामिल हैं। दिल्ली की टीचर की शिकायत के बाद ही आरोपी की पूरी जालसाजी का पर्दाफाश हुआ।
बैंकों को भी लगा चुका है चूना, दो बार गया था जेल
आरोपी बिभु दूसरे तरीकों से भी ठगी का काम करता था। 128 फर्जी क्रेडिट कार्ड के जरिए उसने 13 बैंकों को एक करोड़ का चूना लगाया था। केरल में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने के नाम पर उसने कई छात्रों के परिजन से करोड़ों रुपए ऐंठ लिए थे। इस मामले में वह जेल भी गया था।