गुवाहाटी : सोशल मीडिया इंफ्यूएंसर अभिषेक कर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो उनके एक पॉडकास्ट का है, जिसे रिया उपरेती नाम के यूट्यूब संचालिका ने लिया। इस वीडियो में अभिषेक कर कह रहे हैं कि असम के कई गांव ऐसे हैं, जहां लड़कियां युवकों को अपने जादू से बकरी या दूसरे जानवर बनाकर ले जाती हैं और वापस इंसान बनाकर संभोग करती हैं। इस वीडियो पर घमासान शुरू हो गया है। सीएम ने अभिषेक और रिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं, जिसके बाद अभिषेक ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है।
अभिषेक कर एक लोकप्रिय फिनैंशियल इंफ्युएंसर हैं। वह अक्सर विभिन्न पॉडकास्ट पर निवेश और स्टार्टअप से संबंधित विषयों के बारे में बोलते हैं। अभिषेक कर के इंस्टाग्राम पर लगभग 3 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
अभिषेक ने रिया उप्रेती नामक एक यूट्यूब चैनल के साथ पॉडकास्ट किया। वीडियो इसी पॉडकास्ट का है। इसमें अभिषेक असम के इतिहास और परंपराओं पर अस्वीकार्य टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘असम में एक गांव है, जहां लड़कियों को आज भी वह सिद्धि है कि वे लड़कों को अपनी तंत्र विद्याओं से बकरी या दूसरे जानवर बना देती हैं। वे उन्हें ले जाकर रात को वापस इंसान बनाते हैं और उनके साथ संभोग करती हैं।’
इस वीडियो को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया कि गलत सूचना फैलाने के लिए उक्त व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कुछ ही घंटों के भीतर अभिषेक कर ने एक और वीडियो जारी किया और इस मामले में माफी मांगी।
अभिषेक कर ने सीएमओ की पोस्ट के नीचे अपनी वीडियो माफी पोस्ट की और कहा कि उन्होंने पॉडकास्टर से उस विशेष क्लिप को हटाने के लिए कहा था जिसने लोगों को नाराज किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘लोगों, असम के मुखअयमंत्री, पुलिस अफसर और हर संबंधित पक्ष से माफी मांगता हूं, जो आहत हुए हैं। इसका उद्देश्य किसी को चोट पहुंचाना नहीं था। आगे भी इस बात को ध्यान में रखा जाएगा कि ऐसी घटनाएं फिर से न हों।
वीडियो में अभिषेक कर हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया, न ही मैं अराजकता पैदा करना चाहता था।, लेकिन यह इस तरह से होगा नहीं पता था। अगर किसी को चोट लगी है तो मैं माफी मांगता हूं।’ उन्होंने कहा कि वह सार्वजनिक मंचों पर बोलने से पहले डेटा के द्वितीयक स्रोतों पर निर्भर रहते हुए अधिक सावधान रहेंगे।