अयोध्या। अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भगवान राम के दरबार में अब नगाड़ा भी बजेगा। गुजरात के अहमदाबाद से पांच सौ किलो का नगाड़ा अयोध्या पंहुच गया है। देश भर से भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के लिए उपहार लाए जा रहे हैं। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा तय है। ऐसे में इन उपहारों को मंदिर परिसर में कहां लगाना है, उसके लिए स्थान चयन किया जा रहा है। विशाल राम मंदिर के प्रांगण में ये सभी उपहार लगाए जाएंगे। साथ ही 24 सौ किलो का एक घंटा एटा से अयोध्या पंहुचाया गया है।

500 किलो के इस भव्य नगाड़े में लोहे और तांबे की प्लेट का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही सोने की पर्त का भी इस्तेमाल किया गया है। अखिल भारतीय डगबर समाज द्वारा श्रीराम मंदिर के लिए 500 किलोग्राम का विशेष नगाड़ा बनाया गया है।
नगाड़े को बनाने वाले डगबर समाज के 4 लोग श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा के दिन इसे मंदिर में बजाएंगे। इस नगाड़े पर सोने और चांदी की परत चढ़ाई गई है। 500 किलो के इस भव्य नगाड़े में लोहे और तांबे का इस्तेमाल हुआ है। ताकि नगाड़े को हजारों वर्षों की उम्र दी जा सके। ये नगाड़ा गुजरात से एमपी होते हुए अयोध्या पहुंचा है। 22 जनवरी को और उसके बाद इसकी गूंज श्रीराम मंदिर में सुनी जा सकेगी।

एटा के कारीगरों द्वारा निर्मित 2400 किलो का घंटा भी चर्चा का विषय बना हुआ है। घंटी उद्योग की नगरी एटा के जलेसर से ये घंटा अयोध्या पहुंचा है। अष्टधातु के इस घंटे को सैकड़ों व्यापारी फूलों से सजे रथ में अयोध्या लाए हैं। इसे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को समर्पित किया गया। इस घंटे की आवाज शांत माहौल में करीब 2 किमी तक सुनाई दे सकती है। कारोबारी मनोज मित्तल ने बताया कि पिता विकास मित्तल की स्मृति में इस घंटे को तैयार किया गया है।