मेरठ. मेरठ के लिसाड़ीगेट इलाके में बृहस्पतिवार रात को एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। महिला काे ससुराल पक्ष के लोग उत्पीड़न करते थे। रात में महिला के मायके पक्ष के लोग पहुंचे और हत्या का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है।
गाजियाबाद जिले के मुरादनगर निवासी नसीम (36 साल) की शादी 16 साल पहले लिसाड़ीगेट के तारापुरी निवासी जाहिद के साथ हुई थी। महिला का पति जाहिद दूध का काम करता है। शादी के बाद दंपती को कोई बच्चा नहीं हुआ है। महिला नसीम ने अपने भाई साजिद की 14 साल की बेटी आलिया को गोद ले रखा था। बृहस्पतिवार रात महिला ने किराए के मकान में फांसी लगा दी। घटना के बाद महिला का पति जाहिद घर छोड़कर फरार हो गया।
रात में महिला के मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे और हंगामा कर दिया। महिला के भाइे साजिद ने आरोप लगाया की बच्चा नहीं होने पर ससुराल में नसीम के साथ मारपीट करते थे। मानसिक और शारीरिक रुप से उत्पीड़न किया जाता था। नसीम का पति भी बेरहमी से मारपीट करता था। मायके पक्ष का यह भी आरोप है कि पति और अन्य ससुरालियों ने गला दबाकर हत्या की है,उसके बाद पति शव को छोड़कर फरार हो गया।
सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है की प्राथमिक जांच में आया है कि महिला ने फांसी लगाई है। शव का पोस्टमार्टम् कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर जांच कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।