नोएडा. नोएडा के चर्चित श्रीकांत त्यागी प्रकरण में संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा ने मेरठ स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की। इसमें बताया गया कि 21 अगस्त को त्यागी समाज नोएडा में बड़ा आंदोलन करेगा। त्यागी समाज के लोगों का कहना है कि श्रीकांत त्यागी पर 25 हजार का इनाम और गैंगस्टर लगाना ठीक नहीं है। इससे समाज में काफी रोष है।
गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष सुरेश त्यागी ने कहा कि यह सब राजनीति साजिश लग रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी को थाने में बैठाकर पूछताछ की गई, वह नियम के खिलाफ है। उस महिला का भी अधिकार है। उसे छह बजे के बाद थाने में क्यों बैठाया गया।
वहीं, मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष हरिओम त्यागी ने कहा कि जिस प्रकार पूरे प्रकरण में एक सांसद ने त्यागी समाज का अपमान किया, इसका जवाब मांगा जाएगा। इस आंदोलन में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों से त्यागी समाज के लोग शामिल होंगे।
इस मौके पर सुनील त्यागी, कपिल त्यागी, अवनीश त्यागी, अनुराग त्यागी, पराग त्यागी, नवीन त्यागी, हरिओम त्यागी, गगन त्यागी, ब्रजभूषण त्यागी आदि मौजूद रहे।