मेरठ. आदर्श नगर कालोनी में विवाहिता की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। स्वजन ने ससुरालियों पर दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आरोपित पति व जेठ पुलिस हिरासत में हैं। मृतका के जीजा की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
मुजफ्फरनगर जिले के थाना खतौली क्षेत्र स्थित गांव ककराला की विनीता(22) की शादी दिसंबर 2020 में मोदीनगर की आदर्श नगर कालोनी में दिनेश के साथ हुई थी। आरोप है तभी से ससुराल के लोग दहेज में कार व नकदी लाने को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने लगे। विनीता के जीजा नीटू के मुताबिक, दहेज नहीं लाने पर कई बार आरोपितों ने विनीता को घर से निकाल दिया। लेकिन, घर बना रहे इसलिए विनीता सब सहती रही।
रविवार सुबह आदर्श नगर कालोनी से ही कुछ लोगों ने उन्हें सूचना दी कि विनीता को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए हैं। आनन-फानन में वे मोदीनगर पहुंचे तो अस्पताल के बाहर ही कार में विनीता का शव पड़ा था। नीटू के मुताबिक, ससुरालियों ने मारपीट कर विनीता की हत्या की। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। शरीर पर चोट के निशान भी थे। सीओ मोदीनगर सुनील कुमार ने बताया कि नीटू की तहरीर पर पति दिनेश, जेठ रवि, ससुर वीर सिंह व सास ब्रह्मवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।