मेरठ। शिक्षिका ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए स्कूल में हंगामा कर दिया। कंट्रोल रूम को बंधक बनाए जाने की सूचना दे दी। काफी देर तक विवाद चलता रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शिक्षिका एसएसपी से शिकायत करने की बात कहते हुए चली गई।

शिक्षक पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप
सदर थाना क्षेत्र के एक स्कूल में बुधवार सुबह महिला शिक्षिका ने साथी शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसको ही बंधक बना लिया गया। शिक्षिका ने स्वजन और कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। परिवार के लोग स्कूल पहुंच गए और विरोध जताया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामले को शांत किया। इसके बाद महिला को शिकायत देने के लिए कहा गया।

दोनों शिक्षकों में हुआ था विवाद
सीओ रूपाली राय ने बताया कि मंगलवार को दोनों शिक्षकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। प्रधानाचार्य ने दोनों से ही स्पष्टीकरण देने के लिए कहा था। महिला शिक्षिका बुधवार को अपने पति के साथ स्कूल पहुंची थी। उन्होंने स्पष्टीकरण देने से मना कर दिया। बात बढ़ने पर हंगामा हो गया। आरोप की जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।