मेरठ। शास्त्रीनगर सेक्टर-2 में शुक्रवार रात भगवान श्रीकृष्ण की छठी का कार्यक्रम चल रहा था, अचानक कार्यक्रम में कुछ शराबी युवक घुस आए और हंगामा कर दिया। आरोपियों ने वहीं बैठकर शराब पीना शुरू कर दिया। महिलाओं ने विरोध किया तो उनके साथ गाली गलौज कर दी। मामला तूल पकड़ा तो आरोपियों ने तोड़फोड़ कर दी और मौके से भाग निकले। पुलिस को घटना की वीडियो और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।

नौचंदी के शास्त्रीनगर सेक्टर-दो स्थित जनता क्वार्टर में शुक्रवार रात भगवान श्रीकृष्ण छठी पर्व का कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 12 बजे एक दर्जन से ज्यादा युवक बाइकों पर सवार होकर कॉलोनी में पहुंचे। ये युवक वहीं बैठकर शराब पीने लगे। कॉलोनी के लोगों ने विरोध किया तो युवक गाली गलौज करने लगे। युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर मौके पर बवाल कर दिया।

कॉलोनी के लोगों से मारपीट की और दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। महिलाओं से भी हाथापाई और गाली गलौज की गई। दुकानों के शीशे तोड़े। सूचना पुलिस को दी गई, यूपी 112 मौके पर पहुंची। इस दौरान आरोपी फरार हो गए। कॉलोनी के कुछ लोगों ने आरोपियों की वीडियो बना ली। शनिवार सुबह कॉलोनी के लोगों ने नौचंदी थाना में तहरीर दी और आरोपियों की फुटेज पुलिस को सौंप दी। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।