मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बुधवार को एक खाली प्लॉट में नवजात शिशु का शव बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्रवासियों की मदद से नवजात के शव का दफीना कर दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी कलयुगी मां ने पैदा होने के बाद ही कलेजे के टुकड़े को खुद से अलग कर दिया और बच्चे की मौत हो गई।

यह है मामला
दरअसल, बुधवार की सुबह रिहान गार्डन कॉलोनी के निवासियों ने मस्जिद के पास स्थित एक खाली प्लॉट में नवजात शिशु का शव पड़ा देखा। जिसको कुत्ते नोच रहे थे। किसी तरह क्षेत्रवास‍ियों ने कुत्ते से नवजात बच्‍चे के शव को बचाया। जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। नवजात का शव कुछ घंटे पुराना ही लग रहा था।

पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जिसके बाद स्थानीय निवासियों की मदद से न्यू शानदार कॉलोनी स्थित कब्रिस्तान में शव को दफना दिया गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि कोई कलयुगी मां पैदा होते ही अपने बच्चे को प्लॉट में फेंक गई। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर क्षेत्रवासी कलयुगी मां पर लानत भेजते नजर आए।