नोएडा. नोएडा की सोसायटी में महिला से अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज हो गई। गैंगस्टर केस में उन्होंने जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी। श्रीकांत 9 अगस्त यानी 23 दिनों से जेल में बंद है। इससे पहले 3 मामलों में त्यागी को जिला न्यायालय से जमानत मिल चुकी है।
श्रीकांत त्यागी का मामला सियासी रूप ले चुका है। शुक्रवार को सपा के 9 सदस्यीय एक डेलिगेशन ने त्यागी की पत्नी अनु से मुलाकात की। करीब 40 मिनट तक सपा नेताओं ने अनु से बात की। उनको हर संभव मदद का आश्वासन दिया। अनु भी बात करते-करते भावुक हो गईं।
अनु से मुलाकात के बाद सपा नेता श्रवण कुमार त्यागी ने कहा, “श्रीकांत ने गलती की, लेकिन इसके लिए उनकी पत्नी अनु, बच्चों को सजा क्यों मिल रही है। उनके बच्चे डरे और सहमे हैं। त्यागी के घर पर तोड़-फोड़ भी की गई।” पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर ने कहा, “बहुत मामूली विवाद था, जिसे तूल दिया गया। श्रीकांत पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। मामले में जरूरत से ज्यादा पुलिस ने एक्शन लिया। फिर पॉलिटिकल होता चला गया।”
उन्होंने कहा, ” अगर समझदारी से काम लेते तो 2 दिन का झगड़ा था 2 दिन में ही निपट जाता। एक महिला को 24 घंटे से ज्यादा हिरासत में रखा गया। अनु और उसकी मां को पुलिस ने परेशान किया। पार्टी इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएगी।”
अखिलेश यादव को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
सपा डेलिगेशन त्यागी मामले की पूरी रिपोर्ट सुप्रीमो अखिलेश यादव को सौंपेगा। अखिलेश 27 अगस्त को नोएडा दौरे पर गए थे। तब त्यागी मामले को उन्होंने भाजपा का चरित्र बताया था। उन्होंने कहा था, ” अगर सरकार ने 5 साल काम किया होता ये दिन देखने को नहीं मिलता।”
सपा डेलिगेशन में 3 पूर्व मंत्री शामिल, एक दागी भी
सपा डेलिगेशन में 3 पूर्व मंत्री नारद राय, शाहिद मंजूर और भूषण त्यागी शामिल रहे। इसके अलावा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रवण कुमार त्यागी भी थे। श्रवण पर हत्या का केस दर्ज है। आरोप है नाली के विवाद में पिता और भाई के साथ मिलकर हरिओम त्यागी की हत्या की थी।
5 अगस्त को महिला से की थी अभद्रता
नोएडा में 5 अगस्त को ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने के मामले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने श्रीकांत के खिलाफ मामला दर्ज किया। श्रीकांत फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश करती रही। नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को 9 अगस्त को सुबह मेरठ से 3 अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सूरजपुर कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।