मेरठ। सरधना में मेरठ-करनाल हाईवे बपारसी मोड़ एक तेज रफ्तार स्कार्पियो दीवार तोड़कर मकान में घुस गई। हादसे में मकान की तीन दीवारें गिर गईं। हालांकि मकान खाली था इसलिए किसी को चोट नहीं आई है। कार चालक भी सुरक्षित बताया गया है।
मेरठ से सटे सरधना में शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां मेरठ-करनाल हाईवे बपारसी मोड़ पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर दीवार तोड़ती हुई मकान में जा घुसी। इस दौरान मकान की तीन दीवारें धराशायी हो गई। हालांकि हादसे में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। वहीं कार चालक भी कार का एयरबैग खुलने की वजह सुरक्षित बच गया। वहीं हादसे से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर एक कार चालक सरधना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर बपारसी मोड़ से गुजर रहा था। इसी दौरान उसे नींद की झपकी आ गई। इससे स्कॉर्पियो कार सड़क से उतरकर पास ही के एक मकान की दीवारें तोड़ती हुई मकान में घुस गई।
दीवारें गिरने की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और घटना की जानकारी ली। बताया गया कि परिवार में कोई भी मौजूद नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं हादसे के बाद लोगों ने कार चालक को जैसे तैसे बाहर निकाला। गनीमत रही कि कार के एयर बैग खुलने से उसे ज्यादा चोट नहीं आई।