भोपाल। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जिस मां की कोख से बेटे ने जन्म लिया था, उसी मां की मौत के साथ उसकी सांसे भी थम गई। गांव में मां और जवान बेटे की एक साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। ये दुखद नजारा देख सभी की आंखें नम हो गई।
मां-बेटे की एक साथ मौत की मार्मिक घटना जबलपुर के कुंडम थाना क्षेत्र की है। कुंडम के ग्राम सहजपुरी निवासी कैलाश पटेल की पत्नी सुशीला पटेल (40) कुछ समय से बीमार थी। इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। मगर उपचार के दौरान सोमवार को सुशीला की मौत हो गई। सुशीला पटेल की मौत की खबर जैसे ही उनके बेटे पवन पटेल (18) को मिली तो वह सदमे में चला गया।
मां की मौत की खबर बेटे को बर्दाश्त नहीं हुई और उसने अपने घर पर जहर पी लिया। कुछ देर में उसे उल्टियां होने लगीं और हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे विक्टोरिया जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मां की मौत के बाद बेटे की मौते की खबर से परिवार में मातम फैल गई। मां-बेटे की मौत से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। दोनों की एक साथ अर्थियां उठीं, जिसे देखकर गांव के हर व्यक्ति की आंखों से आंसू छलक पड़े।
घटना की सूचना मिलने के बाद ओमती पुलिस विक्टोरिया अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। पवन का शव लेकर उसके स्वजन गांव पहुंचे। इधर घर पर मां सुशीला का शव पहले से पड़ा था। ग्रामीणों ने मां और बेटे की एक साथ अंतिम यात्रा निकाली और एक साथ दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
गांव के लोगों ने बताया कि पवन अपनी मां के बेहद करीब था। वह मां की बीमारी से परेशान था। मां की अचानक मौत का सदमा वह शक नहीं सका और जहर खाकर आत्महत्या कर ली।