जालंधर। शहरवासियों को आज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। दरअसल वीरवार को शहर में सुबह से ही धूप खिली रहेगी। हालांकि इस दौरान ठंडी हवाएं भी चलेंगी और आंशिक रूप से बादल छाने के साथ-साथ वर्षा होने की संभावनाएं भी बनेगी। ऐसा मौसम विभाग का पूर्वानुमान है। अगर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही बैठता है तो तापमान में गिरावट देखी जा सकेगी।
इससे पहले बुधवार देर शाम से ही बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं भी चलती रही। इस वजह से रात के तापमान में ठंडक भी ज्यादा महसूस हुई। अब तक 2 दिनों में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो लगभग 3 डिग्री तक नीचे आया है।
मौसम विशेषज्ञ डाक्टर दलजीत सिंह ने कहा कि अगले तीन दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। उसके बाद के दिनों में अच्छी वर्षा के साथ-साथ थंडर शावर चलने की संभावनाएं भी देखी जा सकेगी। दिन का तापमान 31 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
दोनों में अंतर घटने की वजह से ही रात के समय ठंडक महसूस होने लग पड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर वीरवार को ठंडी हवाएं चलती हैं तो तापमान में और ज्यादा गिरावट देखी जा सकेगी। ऐसा ही मिलाजुला असर आगे भी बरकरार रहने की संभावना है।
वहीं दूसरी तरफ डा शशांक शर्मा ने कहा मौसम में आ रहे बदलाव के दौरान सभी को अपने खानपान पर विशेष तौर पर ध्यान देना चाहिए। इससे स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का कोई खास असर ना पड़े। बाहरी खाने से परहेज करें।