मेरठ. मुंडाली थानाक्षेत्र के नंगला कबूलपुर में नाला निर्माण को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में घायल हुए वृद्ध की गुरुवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं बुजुर्ग की मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची है। वहीं इससे पहले मामले में 26 नामजद व 50-60 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया जा चुका है। पुलिस ने प्रधान पति व एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गांव में शांति के लिए पुलिस बल तैनात है।

जानकारी के अनुसार गांव नंगला कबूलपुर में जिला पंचायत द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका विरोध अनुसूचित जाति के लोग कर रहे थे। इसे लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। इसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। इसी दौरान अनुसूचित जाति के भूप शरण पुत्र दलेर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार इस मामले में मुंडाली थाने में पीड़ित गजराज ने प्रधान सुनीता के पति अजय कुमार सहित 26 लोगों को नामजद करते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है।

पुलिस ने बताया कि प्रधानपति अजय कुमार व कुलदीप को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दूसरे पक्ष ने बताया कि मुंडाली पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। वह बुधवार को एसएसपी से मिले और मुकदमा पंजीकृत कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उन्हें एसएसपी की तरफ से पीली पर्ची मिली है।