बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में जिला पंचायत सदस्य और उनके परिजनों पर मुकदमा दर्ज करने के विरोध में बुधवार को रालोद, सपा और भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस-प्रशासन सत्ताधारियों के दबाव में कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जनता ने नकार दिया। अब अलोकतांत्रिक तरीके से जिला पंचायत अध्यक्ष का पद हथियाने का षडयंत्र रचा जा रहा है। चेतावनी दी कि पुलिस प्रशासन किसी गलत-फहमी में ना रहे। अगर किसी भी पार्टी कार्यकर्ता या सदस्य का उत्पीड़न हुआ तो पुलिस-प्रशासन की ईंट से ईंट बजा देंगे।

बता दें कि धरनास्थल पर राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री मेराजुद्दीन, राष्ट्रीय सचिव कुलदीप उज्जवल, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह तेवतिया, सपा जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी, थांबा चौधरी बृजपाल सिंह, मुनेश बारवाला आदि ने भी संबोधित किया। दोपहर करीब डेढ़ बजे तक धरना जारी था।