बागपत। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर शनिवार से नामांकन शुरू हो गए। सहारनपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी मांगेराम चौधरी ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। मेरठ में जहां सपा रालोद गठबंधन ने नामांकन की अलग रणनीति बनाई है। वहीं बागपत में जिपं अध्यक्ष पद के चुनाव नामांकन से पहले बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। 

यहां नामांकन से चंद घंटे पूर्व रालोद प्रत्याशी ममता जयकिशोर भाजपा में शामिल हो गईं, लेकिन हैरानी तब हुई जब पार्टी ज्वाइन करने के चंद घंटे बाद ही वह फिर से रालोद में शामिल हो गईं। ममता जयकिशोर ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए रालोद की ओर से जिपं अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया।

जिला पंचायत सदस्य चुनाव में भाजपा के 20 में से चार प्रत्याशी ही जीते थे। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। रालोद से ममता जयकिशोर और सपा से बबली देवी ही इस वर्ग से जीती थीं। भाजपा के पास अध्यक्ष पद का प्रत्याशी भी नहीं था।

कुछ दिन पहले सपा की बबली देवी भाजपा में शामिल हो गईं थीं। इसके बाद भाजपा और विपक्ष के बीच जमकर खींचतान हुई। सदस्यों के उत्पीड़न के खिलाफ बिनौली थाने पर धरना-प्रदर्शन, एसपी कार्यालय का घेराव किया गया। रालोद नेताओं ने जिला पंचायत सदस्य शाहिदा बेगम के घर पर डेरा डाला, लेकिन शनिवार को नामांकन से ठीक पहले रालोद की प्रत्याशी ममता जयकिशोर भी पार्टी को झटका देकर भाजपा में शामिल हो गईं। 

इसके बाद से रालोद के पास कोई प्रत्याशी भी नहीं बचा था। अब अचानक से ममता जयकिशोर ने फैसला बदलते हुए चंद घंटे बाद ही भाजपा को छोड़कर फिर से रालोद का दामन थाम लिया। रालोद कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में ममता के पति जयकिशोर ने कहा कि वह रालोद के सच्चे सिपाही हैं। मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर भाजपाई सांसद डॉ. सत्यपाल के यहां दिल्ली ले गए थे। रालोद और सपा नेता ममता जयकिशोर का नामांकन कराने पहुंचे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।