गुरुग्राम। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह की हालत में कोई संतोषजनक सुधार नहीं है। उनकी हालत रविवार की जैसी ही है, जब उन्हें आननफानन में मेदांता के आइसीयू में शिफ्ट किया गया था।
उत्तर प्रदेश के कई बार मुख्यमंत्री रह चुके मुलायम सिंह यादव फिलहाल वेंटिलेटर पर ही हैं। उनका 22 अगस्त से ही मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। रविवार (2 अक्टूबर) को हालत ज्यादा बिगड़ने पर डाक्टरों ने उन्हें आइसीयू में शिफ्ट कर दिया। रात को ही उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम यानी वेंटिलेटर पर रखा गया। छठे दिन (7अक्टूबर) को भी वह वेंटिलेटर पर ही हैं।
ताजा जानकारी के मुताबिक, मेदांता अस्पताल में भर्ती उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह सेहत लगातार छठे दिन यानी शुक्रवार को भी नाजुक बनी हुई है। रविवार से उन्हें आइसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। इस बीच इलाज कर रहे डाक्टरों का कहना है कि दवा का अधिक असर नहीं दिखाई दे रहा है।
उधर, मेदांता अस्पताल में भर्ती समाजवादी पार्टी के संरक्षक तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह तथा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को देखने के लिए राज्यसभा सदस्य तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपेंद्र हुड्डा बृहस्पतिवार शाम अस्पताल पहुंचे। उनके साथ कांग्रेसी नेता तथा विधायक राव दान सिंह तथा फरीदाबाद के एनआइटी से विधायक नीरज शर्मा भी थे।
इस दौरान सभी ने पहले सपा संरक्षक के पुत्र और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर उनके पिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और कामना की सपा संरक्षक जल्द स्वस्थ हो जाएं। दीपेंद्र तथा दोनों कांग्रेसी विधायक पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला से भी मिले तथा करीब दस मिनट तक बात की। दीपेंद्र ने बताया कि इनेलो प्रमुख की हालत में पहले से बहुत सुधार हुआ है। सभी कांग्रेसी नेता मेदांता में भर्ती हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर तथा बेरी से विधायक डा. रघुवीर कादियान से मिलकर उनके भी हालचाल जाने।