उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने आज सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे। मुलायम सिंह को एक अक्तूबर की रात को आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। मुलायम सिंह यादव का मेदांता के एक डॉक्टरों का पैनल इलाज कर रहा था। उन्होंने आज सुबह 8.16 पर आखिरी सांस ली।

पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। मुलायम सिंह यादव अपनी चुनावी जनसभाओं और निजी कार्यक्रमों को लेकर कई बार पश्चिमी यूपी का दौरा करते रहे। किसानों की राजधानी कहे जाने वाले मुजफ्फरनगर के सिसौली में भी वह कई बार पहुंचे। जिले में उनके निधन से शोक की लहर दौड़ गई। उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक है। आगे जानें आखिर कब-कब नेता जी मुजफ्फरनगर आए।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मुलायम सिंह यादव कई बार निजी एवं सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। मुख्यमंत्री रहते हुए वह कई बार जिले का दौरा करने पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री रहने के दौरान चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के बुलावे पर वह किसानों की राजधानी सिसौली पहुंचे थे और किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। मुजफ्फरनगर में यह उनकी सबसे बड़ी जनसभा थी। इसके अलावा यहां पर उन्होंने रागिनी कलाकारों को भी सम्मानित किया था।

मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री रहने के दौरान मुजफ्फरनगर स्थित शुकतीर्थ में भागवत पीठ श्री शुकदेव आश्रम में वीतराग स्वामी कल्याणदेव की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए भी जिले में आए थे।

पूर्व रक्षामंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज खरड़ में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया था। वह 25 जून 2003 को तत्कालीन प्रधानाचार्य रतनपाल पंवार के बुलावे पर कॉलेज पहुंचे थे।