मेरठ। दस साल बाद जेल से छूटे कुख्यात अपराधी उधम सिंह को जान का खतरा सता रहा है। पुलिस द्वारा उधम सिंह के जमानती को हिरासत में लेने के बाद परिवार में खलबली मची है। सोमवार को उसकी मां सुमित्रा देवी एसएसपी ऑफिस पहुंची और अधिकारियों से सामान्य जीवन जीने का मौका दिए जाने की गुहार लगाई।
एसएसपी ऑफिस पहुंची सुमित्रा देवी ने कहा कि उसका बेटा उधम सिंह 10 साल के बाद जमानत पर जेल से बाहर आया है। जेल से बाहर निकलते ही पुलिस एक बार फिर उसे जेल भेजने का षड्यंत्र रच रही है। उसके जमनातियों को घरों से उठा लिया गया है, जिससे वह भी बेहद डरा हुआ है।
एसपी देहात केशव कुमार ने सुमित्रा देवी से कहा कि वह उधम सिंह को उनका नंबर देकर बात करा दें। डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने एक कागज पर अपना मोबाइल नंबर लिखकर सुमित्रा देवी को दिया है। सुमित्रा देवा ने गुहार लगाई कि वह अपने बेटे की जिम्मेदारी लेती हैं। किसी भी तरह की वारदात न होने की वह जिम्मेदारी ले रही हैं। सुमित्रा ने उधम सिंह की जान को खतरा भी जताया है।