सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में बाबा बंशी वाले के देवलोक गमन के पश्चात उनकी विरासत को लेकर गांव में दो पक्षों में जमकर संघर्ष हो गया। संघर्ष में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घायलों का सरसावा सीएचसी में उपचार कराया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि संघर्ष के दौरान एक पक्ष ने अवैध हथियारों से फायरिंग भी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि एक पक्ष के लोग बाबा की अस्थियां हरिद्वार ले जाकर वहां समाधि बनवाना चाहते हैं, जबकि दूसरा पक्ष चाहता है कि अस्थियां सरसावा के गांव सोराना स्थित मंदिर परिसर में ही रहें और यही पर समाधि स्थल बने। इसी बात को लेकर बुधवार सुबह दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए और संघर्ष हो गया। संघर्ष में घायल हुए लोगों को सरसावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार कराया गया। उधर, पुलिस मामले की जांच कर रही है।