रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज यानी गुरुवार को ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय रांची में उपस्थित होंगे। उन्हें ईडी ने पूछताछ के लिए समन किया है। बुधवार को सत्तापक्ष के विधायकों की बैठक के बाद हेमंत सोरेन के उत्तराधिकार को लेकर राजनीतिक गलियारे में अटकलें लगाई जाने लगी। अगर विपरीत परिस्थिति आई तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को गद्दी सौंप सकते हैं। कल्पना सोरेन मुख्यमंत्री के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में अक्सर भाग लेती हैं। मंगलवार को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर भी वह मंच पर मौजूद थीं।
इसके अलावा झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन का भी नाम लिया जा रहा है। ईडी कार्यालय में उपस्थित होने के पहले हेमंत सोरेन अपने आवास में मीडिया से रूबरू होंगे। संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान वे कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।
आपको बता दें कि अविभाजित बिहार का राजनीतिक प्रयोग कभी उस प्रदेश का हिस्सा रहे झारखंड में भी दोहराया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद को जब सीबीआई जांच ने पूछताछ के लिया बुलाया था तो उन्होंने गद्दी अपनी पत्नी राबड़ी देवी को सौंप दी थी।
ईडी ने पूछताछ के लिए सीएम को बुलाया है। एक दिन में पूछताछ पूरी नहीं होने पर दूसरे दिन या उसके बाद भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
ईडी पूरक सवालों की भी सूची तैयार करेगी। अगर पर्याप्त प्रमाण मिले तभी ईडी गंभीर कार्रवाई के लिए आगे बढ़ेगी।
कार्रवाई के लिए ईडी कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट लेकर राज्यपाल रमेश बैस से अनुमति मांगेगी। राज्यपाल की अनुमति मिलने के बाद ही ईडी मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि सभी विधायकों को रांची में रहने का निर्देश दिया गया है। ईडी को हमलोग पूरी तरह सहयोग करने को तैयार हैं। अब ईडी समझे कि वह किसको सहयोग कर रही है। हमलोग हर परिस्थिति का सामना करने को तैयार हैं।
मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि हम हर तरह की परिस्थितियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कार्यकर्ताओं को कोई आजतक रोक पाया है क्या? यदि वे मुख्यमंत्री के साथ समर्थन के लिए आएंगे तो उन्हें कौन रोक लेगा?
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि ईडी कार्यालय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जाएंगे। हमलोग हर परिस्थिति का सामना करने को तैयार हैं।
बता दें कि अवैध खनन सहित विभिन्न मामलों में मनी लांड्रिंग के तहत अनुसंधान के दौरान ईडी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ के लिए समन किया है। यह दूसरी बार है जब मुख्यमंत्री को ईडी ने समन किया गया है। यह संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री गुरुवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे तक ईडी के दफ्तर में पहुंच जाएंगे।